टिहरी में IFAD प्रतिनिधियों संग विकास योजनाओं पर मंथन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर जोर
डीएम नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक, महिला सशक्तिकरण, कृषि और स्वरोजगार योजनाओं की हुई समीक्षा
टिहरी गढ़वाल, 22 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में IFAD (इंटरनेशनल फंड फॉर एग्रीकल्चरल डेवलपमेंट) के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं, ग्रामीण आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने IFAD प्रतिनिधियों को जनपद की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी देते हुए विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, कृषि आधारित गतिविधियों, उद्यमिता विकास तथा आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों की विकासखंडवार जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जनपद में संचालित पॉली हाउस, पौधशालाओं, मशरूम उत्पादन एवं सफल किसानों के नवाचारों और उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया। प्रस्तुति में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों को रेखांकित किया गया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनपद में ग्रामीण विकास को गति देने के लिए विभिन्न विभाग लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि IFAD जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सहयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित IFAD के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
