टिहरी लेक फेस्टिवल 2026: ब्रह्मपुरी–खारास्रोत राफ्टिंग प्रतियोगिता में 100 प्रतिभागियों का दमखम, गंगा की लहरों पर दिखा रोमांच
‘हिमालय O2’ महोत्सव के तहत 9 किमी राफ्टिंग रूट पर प्रोफेशनल और टूरिस्ट कैटेगरी में हुई प्रतियोगिता, एडवेंचर टूरिज्म को मिला बढ़ावा
टिहरी गढ़वाल | 08 मार्च 2026।
जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के विशेष प्रयासों से आयोजित टिहरी झील महोत्सव–2026 “हिमालय O2” के तीसरे दिन गंगा की लहरों पर साहस और रोमांच का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी क्षमता और साहस का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता का शुभारंभ उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।
गंगा की धाराओं में रोमांच
राफ्टिंग के दौरान एक ओर युवा प्रतिभागी गंगा की तेज धाराओं में रोमांच का अनुभव करते हुए एक-दूसरे का उत्साह बढ़ा रहे थे, वहीं दूसरी ओर नदी के किनारे उपस्थित दर्शक इस अद्भुत दृश्य का आनंद ले रहे थे। प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता ने एडवेंचर टूरिज्म की नई संभावनाओं को उजागर किया।
9 किलोमीटर का लोकप्रिय राफ्टिंग रूट
ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक लगभग 9 किलोमीटर का राफ्टिंग मार्ग शुरुआती और मध्यम स्तर के रोमांच पसंद करने वाले पर्यटकों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इस रूट पर राफ्टिंग के दौरान गंगा के हल्के-फुल्के रैपिड्स और प्राकृतिक दृश्य पर्यटकों को विशेष आकर्षित करते हैं।
पर्यटन विभाग और गंगा राफ्टिंग प्रबंधन समिति की देखरेख में राफ्टिंग गतिविधियों का संचालन किया जाता है। सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गाइड, लाइफ जैकेट और कयाकर्स की व्यवस्था भी की जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सके।
विजेताओं की घोषणा
प्रतियोगिता में प्रोफेशनल कैटेगरी में
- सहदेव राणा प्रथम,
- पंकज राणा द्वितीय,
- प्रीतम सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं टूरिस्ट कैटेगरी में
- जीएमवीएन प्रथम,
- संगम एडवेंचर द्वितीय,
- रिवर एक्सप्लोरर तृतीय स्थान पर रहे।
विजेताओं को
- प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000,
- द्वितीय पुरस्कार ₹50,000,
- तृतीय पुरस्कार ₹25,000 की धनराशि प्रदान की गई।
युवाओं को मिल रहा नया मंच
प्रतिभागी सहदेव राणा ने कहा कि गंगा में राफ्टिंग का यह अनुभव बेहद रोमांचक रहा और ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। वहीं रविंद्र रावत ने बताया कि शुरुआती प्रशिक्षण के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं बेहद महत्वपूर्ण होती हैं।
एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को जल साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं। साथ ही पर्यटन स्थलों को नए डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलती है।
इस अवसर पर डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंथ नायक, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, पटवारी तपोवन निधि थपलियाल, बीडीओ श्रुति वत्स, गंगा राफ्टिंग एसोसिएशन के सदस्य, गाइड एसोसिएशन के सदस्य, पुलिस विभाग से सचिन पुंडीर, वन दारोगा अंजलि, पंकज भट्ट सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
