टिहरी से विधिक जागरूकता मोबाइल वैन रवाना: “न्याय चला निर्धन के द्वार” अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचेगी न्याय सेवा
परिवार न्यायाधीश अब्दुल कय्यूम और वरिष्ठ अधिवक्ता उम्मेद सिंह रावत ने दिखाई हरी झंडी, उत्तरकाशी तक चलेगा जागरूकता अभियान
नई टिहरी | 14 मार्च 2026 | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
जनपद टिहरी गढ़वाल में आम नागरिकों को न्यायिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता मोबाइल वैन को जिला न्यायालय मुख्यालय से रवाना किया गया।
जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिन शर्मा के निर्देशानुसार उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित इस मोबाइल वैन को परिवार न्यायाधीश श्री अब्दुल कय्यूम और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री उम्मेद सिंह रावत ने 14 मार्च 2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

“न्याय चला निर्धन के द्वार” की अवधारणा पर आधारित है अभियान
परिवार न्यायाधीश अब्दुल कय्यूम ने बताया कि यह जागरूकता अभियान “न्याय चला निर्धन के द्वार” की अवधारणा पर आधारित है। इस मोबाइल वैन के माध्यम से लोग सीधे अपनी समस्याएँ और कानूनी सवाल साझा कर सकते हैं, जिनका समाधान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक न्यायिक सहायता पहुंचाना है जो आर्थिक, सामाजिक या भौगोलिक कारणों से न्यायिक सेवाओं से वंचित रह जाते हैं।
टिहरी के दूरस्थ क्षेत्रों में दो दिन तक चलेगा विधिक जागरूकता अभियान
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सचिव डॉ. आलोक राम त्रिपाठी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पूरे राज्य में मोबाइल वैन के माध्यम से विधिक सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इसी क्रम में 14 और 15 मार्च 2026 को यह मोबाइल वैन टिहरी जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को मुफ्त विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देगी।
इन क्षेत्रों से गुजरते हुए उत्तरकाशी पहुंचेगी मोबाइल वैन
14 मार्च को यह वैन जिला न्यायालय से रवाना होकर
न्यू टिहरी, बौराड़ी बाजार, बादशाहीथौल, चंबा, आराकोट, जड़ीपानी, काणाताल, ज्वारना, कद्दूखाल, धनोल्टी, बुरांशखंडा, सुआखोली होते हुए कैम्पटी पहुंचेगी।
इसके बाद 15 मार्च 2026 को यह वैन
कैम्पटी, यमुना पुल, नैनबाग, क्यारी, थत्यूड़, अलमस, भवान, थान, डोमसी, नागराजाधार आदि स्थानों से होते हुए चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) की ओर प्रस्थान करेगी।
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा।
अधिकार मित्र भी निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि मोबाइल वैन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के लिए अधिकार मित्रों (Legal Aid Volunteers) को भी दायित्व सौंपे गए हैं।
ये अधिकार मित्र लोगों को
- मुफ्त विधिक सहायता
- सरकारी योजनाओं की जानकारी
- महिला, बाल और सामाजिक न्याय से जुड़े अधिकार
के बारे में जागरूक करेंगे।
न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की रही उपस्थिति
इस अवसर पर
- मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद याकूब
- अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिथिलेश पांडेय
- सिविल जज कुलदीप नारायण
- वरिष्ठ अधिवक्ता उम्मेद सिंह रावत
- रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां
सहित जिला न्यायालय के अधिवक्ता, कर्मचारीगण और अधिकार मित्र उपस्थित रहे।

