डेंगू की रोकथाम के लिए स्वच्छता अभियान, फॉगिंग और जन-जागरूकता कार्यक्रम जारी; नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील
टिहरी, 29 जुलाई 2025
जनपद टिहरी गढ़वाल में डेंगू संक्रमण की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने समस्त नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियाँ अपनाने की अपील की है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निकायों को निर्देशित किया है कि डेंगू नियंत्रण हेतु विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराई जाए।
🏥 स्वास्थ्य विभाग – टिहरी गढ़वाल द्वारा जारी जनहित दिशा-निर्देश
डेंगू से बचाव के लिए नागरिकों को निम्न सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है:
✔️ घरों व आसपास जलभराव न होने दें
✔️ कूलर, गमले, पानी की टंकियों आदि की नियमित सफाई करें
✔️ पूरे शरीर को ढकने वाले पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें
✔️ मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी और रिपेलेंट का उपयोग करें
✔️ यदि तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या स्किन पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखें तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से तुरंत संपर्क करें
✔️ मोहल्ले में जलभराव की स्थिति दिखे तो तत्काल नगर पालिका को सूचित करें
📢 प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे हैं जन-जागरूकता अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य शिविरों, प्रचार माध्यमों और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति सतर्क किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सक्रिय सहयोग अनिवार्य है।
🗣️ “डेंगू से बचाव केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं, इसके लिए हर नागरिक को सजग रहना होगा” — नितिका खंडेलवाल, जिलाधिकारी
🧼 नगर निकायों को निर्देश: नियमित सफाई और फॉगिंग अनिवार्य
नगर पंचायतों एवं नगर पालिकाओं को निर्देशित किया गया है कि:
- हर वार्ड में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाएं
- डेंगू संवेदनशील क्षेत्रों में फॉगिंग की नियमित व्यवस्था करें
- नागरिकों को घर-घर जाकर जागरूक किया जाए
- जलभराव रोकने हेतु नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
