देहरादून में तिरंगे के रंग में रंगा माहौल, हजारों लोगों के साथ सीएम धामी ने निकाली ‘हर घर तिरंगा यात्रा’
मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क से घंटाघर तक किया तिरंगा यात्रा का नेतृत्व, स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोगों ने सहभागिता की।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इन्द्रमणि बडोनी तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
‘तिरंगा राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान और देश की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
‘भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर एक महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत आज अनेक क्षेत्रों में दुनिया को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
‘देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है उत्तराखंड’
मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के बढ़ते मनोबल का उल्लेख करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने रक्षा क्षेत्र में अपनी सामर्थ्य का परिचय दिया है और अब देश रक्षा क्षेत्र में निर्यातक के रूप में भी आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विकास के साथ बढ़ रही राज्य की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। उनके अनुसार पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1,750 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक वृद्धि तथा सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड के देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का भी उल्लेख किया।
युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनाने का है। इसके लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना और पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
अवैध कब्जों और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है तथा भ्रष्टाचार के मामलों में भी कठोर कार्रवाई की गई है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता सहित राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए विभिन्न कानूनों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर है तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हजारों लोगों ने लिया तिरंगा यात्रा में हिस्सा
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से देहरादून का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।
