नंदगांव स्वास्थ्य केंद्र का एडीएम ने किया निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के दिए निर्देश
मानसून से पहले स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा, टीबी सर्वेक्षण और दवा भंडारण व्यवस्था का लिया जायजा
टिहरी गढ़वाल, 02 जून 2026, SKS News।
अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षित संस्थागत प्रसव की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद आर्य ने अस्पताल में तैनात उपस्थित एवं अनुपस्थित कार्मिकों की जानकारी एडीएम को उपलब्ध कराई। इसके बाद एडीएम ने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक का निरीक्षण किया। वरिष्ठ फार्मासिस्ट दिनेश द्वारा स्टॉक रजिस्टर के अनुसार दवाइयों का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसका मिलान भी किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में निःशुल्क दवाइयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान दवा भंडार कक्ष का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान भवन में लीकेज की समस्या सामने आई, जिस पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए।
महिला एवं पुरुष वार्डों के निरीक्षण के दौरान एडीएम ने भर्ती मरीज रोशना देवी एवं राकेश कुमार से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। दोनों मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार सेवाओं पर संतोष जताया।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण की समीक्षा के दौरान संबंधित कार्मिकों ने क्षेत्र में चिन्हित टीबी रोगियों की जानकारी दी। आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में 45 महिलाएं एवं 26 पुरुष, कुल 71 टीबी संक्रमित मरीज चिन्हित किए गए हैं।
एएनएम द्वारा अवगत कराया गया कि क्षेत्र के चार गांवों में वर्तमान में तीन गर्भवती महिलाएं एवं पांच धात्री माताएं चिन्हित हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, निगरानी और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में निवास कर रही गर्भवती महिलाओं पर सतत निगरानी रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सड़क एवं परिवहन संबंधी चुनौतियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पूर्व तैयारी करनी चाहिए, ताकि किसी भी गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में कठिनाई न हो।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय अंथवाल, फार्मासिस्ट जयवीर सिंह, एएनएम किरण डबराल, नर्सिंग ऑफिसर तरणजीत कौर एवं गीता भंडारी, सेविका शोभा, एएनएम सरिका रावत तथा सफाई नायक प्रवीण रॉय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

