नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर मानवता और सेवा का संदेश
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता, “मानवता में एकजुटता” थी इस वर्ष की थीम
चमोली, 11 मई 2026।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, जनपद चमोली में विश्व रेड क्रॉस दिवस हर्षोल्लास एवं सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा ने सभी स्वयंसेवियों एवं छात्र-छात्राओं को विश्व रेड क्रॉस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को मानव सेवा, परस्पर सहयोग एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्रा सुबोध एवं निकिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एमए चतुर्थ सेमेस्टर की चेष्टा एवं दीपा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बीए चतुर्थ सेमेस्टर के शिवम एवं बीए द्वितीय सेमेस्टर के कृष बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि इस वर्ष विश्व रेड क्रॉस दिवस की थीम “मानवता में एकजुटता” रही, जिसका उद्देश्य समाज में सेवा, करुणा और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का आयोजन यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी की संयोजिका डॉ. अंशु सिंह एवं सहसंयोजक डॉ. प्रवीण मैठाणी द्वारा किया गया। महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. संजीव कुमार जुयाल ने स्वयंसेवियों को समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी की सहसंयोजिका डॉ. रेनू सनवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, रेडक्रॉस स्वयंसेवी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
