नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में निबंध, पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन
सुशासन, समानता एवं न्याय तथा महिला आरक्षण जैसे समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए प्रभावशाली विचार
चमोली, 13 जून 2026 | SKS News
नागनाथ पोखरी महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के बौद्धिक, रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध, पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए समसामयिक विषयों पर अपने विचार एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
निबंध प्रतियोगिता का विषय “सुशासन” रखा गया था। प्रतिभागियों ने सुशासन की अवधारणा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहितकारी प्रशासन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा खुशी बर्तवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर की प्रिया द्वितीय तथा बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की काजल भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं।
पोस्टर प्रतियोगिता “समानता एवं न्याय” विषय पर आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से सामाजिक समानता, न्याय और संवैधानिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की नेहा नेगी प्रथम, बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के शिवम पंत द्वितीय तथा शिवानी तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी क्रम में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “महिला आरक्षण” रखा गया। प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष में तार्किक और तथ्यपरक तर्क प्रस्तुत करते हुए विषय की विभिन्न आयामों पर चर्चा की। प्रतियोगिता में एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की प्रिया ने प्रथम, एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर की अर्चना ने द्वितीय तथा भरत लाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की संरक्षक एवं प्राचार्या प्रो. रीटा शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, तार्किक क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक रहने और अपनी अभिव्यक्ति क्षमता को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं विभाग प्रभारी डॉ. शाज़िया सिद्दीकी ने प्रतियोगिताओं के विषयों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. रामानन्द उनियाल द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन डॉ. शशि चौहान एवं डॉ. कीर्ति गिल ने किया तथा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष आकलन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को बधाई दी गई तथा प्रतिभागियों के उत्साह और सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई। विभाग द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर डॉ. शाज़िया सिद्दीकी, डॉ. जगजीत सिंह, डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहे।
