पंकज कुमार पटवाल बने टिहरी के नए DHO, गजा में कीवी क्रांति के लिए हैं प्रसिद्ध
कीवी और इटैलियन सेब उत्पादन को नई पहचान दिलाने वाले पंकज पटवाल ने संभाला टिहरी जिला उद्यान अधिकारी का पद, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने दी शुभकामनाएं
टिहरी गढ़वाल, 25 जून 2026 | SKS News.
जनपद टिहरी गढ़वाल को नए जिला उद्यान अधिकारी के रूप में अनुभवी उद्यान विशेषज्ञ पंकज कुमार पटवाल की नियुक्ति मिली है। इससे पहले वे कोटद्वार में उद्यान विशेषज्ञ अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उनके टिहरी जनपद में जिला उद्यान अधिकारी के रूप में स्थानांतरण पर जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
पंकज कुमार पटवाल इससे पूर्व उद्यान रक्षा सचल दल, गजा में सहायक उद्यान अधिकारी के रूप में कई वर्षों तक कार्यरत रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों को आधुनिक बागवानी अपनाने के लिए प्रेरित किया और कीवी तथा इटैलियन सेब की खेती को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गजा को दिलाई कीवी उत्पादन में नई पहचान
पंकज कुमार पटवाल के मार्गदर्शन में क्षेत्र के कई किसानों ने सफलतापूर्वक कीवी उत्पादन शुरू किया। उनके प्रयासों से श्रीमती सीता चौहान को “कीवी क्वीन” तथा मान सिंह चौहान को “राइफल मैन से कीवी मैन” के नाम से पहचान मिली, जो जनपद में बागवानी विकास की एक प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी है।
कृषकों के बीच सरल, व्यवहारकुशल एवं समर्पित अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले पंकज पटवाल ने गजा से स्थानांतरण के बाद फकोट में भी सेवाएं दीं। बाद में पदोन्नति के उपरांत वे उद्यान विशेषज्ञ अधिकारी के रूप में कोटद्वार में कार्यरत रहे।
जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
टिहरी में जिला उद्यान अधिकारी के पद पर उनकी नियुक्ति पर नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, पूर्व अध्यक्ष मीना खाती, पूर्व प्रमुख फकोट राजेन्द्र सिंह भंडारी, पूर्व जिला मंत्री भाजपा गजेंद्र सिंह खाती, पूर्व प्रधान गौंसारी मान सिंह चौहान तथा सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश प्रसाद उनियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पंकज कुमार पटवाल के नेतृत्व में टिहरी जनपद में बागवानी, कीवी, सेब एवं अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और जनपद की उद्यानिकी को नई दिशा मिलेगी।
