एग्रीस्टेक योजना के तहत टिहरी में 33,042 किसानों का हुआ फार्मर रजिस्ट्रेशन, ADM शैलेन्द्र सिंह नेगी ने 100% पंजीकरण के दिए निर्देश
जनपदभर में लगेंगे विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप, स्वैच्छिक चकबंदी योजना के लिए 10 गांवों के चयन के भी निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 25 जून 2026 | एसकेएस न्यूज़
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एग्रीस्टेक (AgriStack) योजना के अंतर्गत टिहरी गढ़वाल जनपद में किसानों के डिजिटल पंजीकरण अभियान में तेजी लाई जा रही है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि अब तक जनपद में 33,042 किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
अपर जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से विशेष रजिस्ट्रेशन शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
विभागीय समन्वय से चलेंगे विशेष कैंप
मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि कृषि, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य, पंचायती राज, ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग के संयुक्त सहयोग से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में फार्मर रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में रजिस्ट्रेशन शिविरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
किसानों से पंजीकरण कराने की अपील
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जनपद के सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप में पहुंचकर जल्द से जल्द अपना फार्मर रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
स्वैच्छिक चकबंदी योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में स्वैच्छिक चकबंदी योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के 10 गांवों का चयन स्वैच्छिक चकबंदी नीति के अंतर्गत किया जाए।
इस दौरान अधिकारियों को चकबंदी योजना की प्रक्रिया, प्रावधानों एवं क्रियान्वयन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।
