परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चारधाम यात्रा में निजी वाहनों के व्यवसायिक उपयोग पर 3 वाहन सीज
भद्रकाली एनएच-34 पर चला सघन प्रवर्तन अभियान, मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघन में 10 चालान
टिहरी गढ़वाल, 11 मई 2026 ।
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग टिहरी गढ़वाल द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशानुसार सोमवार को भद्रकाली स्थित एनएच-34 पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान निजी वाहनों का अवैध रूप से व्यवसायिक उपयोग करते पाए जाने पर परिवहन विभाग ने 03 वाहनों को सीज कर दिया। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 10 वाहनों के चालान भी किए गए।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अवैध एवं अनधिकृत वाहन संचालन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है। विभाग द्वारा लगातार ऐसे वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है जो नियमों का उल्लंघन कर यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।
प्रवर्तन अभियान के दौरान सहायक प्रवर्तन निरीक्षक अनंतराम रावत, परिवहन आरक्षी रोहन एवं विपिन मौजूद रहे और वाहनों की गहन जांच की गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र राज ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग न करें तथा केवल अधिकृत सार्वजनिक सेवा वाहनों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे यात्रा अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम बनी रहेगी।
चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और प्रवर्तन कार्यवाही जारी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
