प्रतापनगर में कुदरत का कहर: भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह, राहत और मुआवजे की मांग
उपली रमोली पट्टी के दर्जनों गांवों में आलू, राजमा, सेब, खुमानी और अमरूद की फसलों को भारी नुकसान, कांग्रेस नेता राकेश राणा ने प्रशासन से तत्काल सर्वे की मांग की
टिहरी गढ़वाल, 29 मई 2026, SKS News।
प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर लगभग 3 बजे पट्टी उपली रमोली क्षेत्र में अचानक हुई तेज ओलावृष्टि से व्यापक कृषि नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि ग्राम बेजाभागी, किमखेत, रैका, सदड़, कुड़ियाल गांव, महर गांव, सोंदी, मुखेम, पोखरी, घंडियाल गांव, दिनगांव, हेरवाल गांव सहित पूरे उपली रमोली क्षेत्र में किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। क्षेत्र के किसानों द्वारा उगाई जाने वाली प्रमुख नकदी एवं बागवानी फसलें जैसे आलू, राजमा, सेब, खुमानी, अमरूद और चूलू को भारी क्षति पहुंची है।
राकेश राणा ने कहा कि ग्रामीण किसान कई महीनों से कठिन परिश्रम कर अपनी फसलों को तैयार कर रहे थे और उन्हें उम्मीद थी कि इस वर्ष की उपज से परिवार की आजीविका और आर्थिक जरूरतें पूरी हो सकेंगी। लेकिन अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के किसान वर्तमान में गहरे आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार और जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन करना चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता कुशाल सिंह बिष्ट एवं विनोद सिंह बिष्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार क्षेत्र में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि संबंधित ग्राम सभाओं में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और राहत पैकेज उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि पहाड़ का किसान पहले से ही सीमित संसाधनों के बीच खेती करता है। ऐसे में प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए।
