मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विद्यालय, आंगनबाड़ी, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं का किया निरीक्षण
बच्चों के पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पुस्तक संरक्षण एवं खेल अवसंरचना को मजबूत बनाने के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 05 जून 2026, SKS News।
मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन आनंद बर्द्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय तथा बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण कार्यक्रमों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से लाभार्थियों तक पहुंचे।
आंगनबाड़ी केन्द्र ढुंगीधार में मुख्य सचिव ने बच्चों की उपस्थिति, उपलब्ध खेल सामग्री एवं पोषण आहार की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा बच्चों का वजन भी मापा। उन्होंने एएनएम एवं आशा कार्यकर्त्रियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करें।

इसके पश्चात मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना, बच्चों के लिए उपलब्ध फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा शिक्षकों की सराहना की।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों, पंजीकरण व्यवस्था तथा दुर्लभ एवं ऐतिहासिक पांडुलिपियों के संरक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। पुस्तकालय में राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध साहित्यिक एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को लाभ मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से भी संवाद किया तथा उन्हें पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्य सचिव ने बौराड़ी स्टेडियम एवं प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (Jacaranda) प्रजाति के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
