यूसीसी एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की बैठक लेती जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल
यूसीसी के तहत शत-प्रतिशत संतृप्ति पर जोर, इको बैग अभियान से होटल-होमस्टे में कचरा प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश
टिहरी | 20 जनवरी 2026
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने मंगलवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में यूसीसी के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर शत-प्रतिशत पंजीकरण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ एवं एडीपीआरओ को निर्देश दिए कि वे सभी वीपीडीओ और एडीईओ से समन्वय स्थापित कर ब्लॉकवार यूसीसी के तहत शत-प्रतिशत संतृप्त होने वाली ग्राम पंचायतों का विवरण उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही कुल पंजीकरण, बंद संपर्क नंबर अथवा अन्य कारणों से अपूर्ण मामलों का मिलान कर निर्धारित कलर कोड के अनुसार डेटा प्रस्तुत करने को कहा गया।
🌱 सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष जोर
पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला पर्यटन विभाग के माध्यम से इको बैग तैयार कर नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत के सहयोग से होटल एवं होमस्टे संचालकों को वितरित किए गए हैं।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने इको बैग वितरण की समीक्षा करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को निर्देश दिए कि होटलों के कमरों की क्षमता के अनुसार बैग उपलब्ध कराए जाएं। होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे गेस्ट के चेक-इन पर इको बैग उपलब्ध कराएं, कचरा उसी में एकत्र कराने के लिए जागरूक करें तथा चेक-आउट के समय बैग वापस लें।
जिलाधिकारी ने अब तक कलेक्ट किए गए वेस्ट, कुल बैग वितरण, होटल/होमस्टे संचालकों की पहचान, उनके साथ किए गए एमओयू, होटल रिसेप्शन में जन-जागरूकता पोस्टर, तथा फीडबैक डेटा को निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों के फीडबैक पर आधारित शॉर्ट वीडियो तैयार कर जागरूकता बढ़ाने और होटलों की ग्रीन रेटिंग प्रणाली शुरू करने के लिए आवश्यक डेटा संकलित करने को कहा।
🏨 होटल-होमस्टे से जुड़ा विवरण
बैठक में नगर पालिका परिषद टिहरी के अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर क्षेत्र में 30 होटलों को 250 इको बैग वितरित किए गए हैं।
इसी प्रकार तपोवन क्षेत्र में 100 होटलों से एमओयू कर 2000 बैग, जबकि मुनिकीरेती में 87 होटलों से एमओयू कर 1000 इको बैग वितरित किए गए हैं।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, ईडीएम सूरज बिष्ट सहित डीपीआरओ, एडीपीआरओ, ईओ, एडीईओ और वीपीडीओ भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
