राजकीय महाविद्यालय जखोली में NSS सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ, स्वच्छता अभियान से शुरुआत
रुद्रप्रयाग में उत्साह के साथ शुरू हुआ शिविर, स्वयंसेवियों को राष्ट्र सेवा और समर्पण का संदेश
जखोली (रुद्रप्रयाग) | दिनांक: 24 मार्च 2026
राजकीय महाविद्यालय जखोली, रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ सोमवार को बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. माधुरी के अध्यक्षता में तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुभाष कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान ललूड़ी श्रीमती ज्योति मिश्रा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. माधुरी ने स्वयंसेवियों को आशीर्वाद देते हुए NSS के सात दिवसीय विशेष शिविर की उपयोगिता और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र सेवा का सशक्त अवसर मिलता है और यह समाज के प्रति कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुभाष कुमार ने NSS के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवियों को समन्वय, अनुशासन और समर्पण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि NSS केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक दृष्टिकोण है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण—डॉ. देवेश चंद्र, डॉ. भारती, डॉ. विकास शुक्ला, डॉ. दलीप सिंह, डॉ. दिनेश सिंह नेगी सहित अन्य कर्मचारियों और सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों ने व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया और बौद्धिक सत्र में विभिन्न सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
