राष्ट्रीय खेल दिवस पर उपनिरीक्षक मुकेश शर्मा को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार-2025
कैनोइंग एवं कयाकिंग में उल्लेखनीय योगदान के लिए होगा सम्मान, राष्ट्रीय कोच से लेकर ओलंपिक तकनीकी अधिकारी तक निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका
टिहरी गढ़वाल, 27 अगस्त 2026। उत्तराखंड पुलिस के लिए गौरव का क्षण है। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में नियुक्त उपनिरीक्षक मुकेश शर्मा को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर द्रोणाचार्य पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया जाएगा। कैनोइंग एवं कयाकिंग के क्षेत्र में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
जौनसार-बावर क्षेत्र के ग्राम टिपौउ, खत अठगांव निवासी मुकेश शर्मा लंबे समय से कैनोइंग एवं कयाकिंग खेल से जुड़े हुए हैं। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किए हैं और छह बार भारतीय पुलिस गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निभा रहे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
मुकेश शर्मा वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय कैनो महासंघ (ICF) के साथ ओलंपिक तकनीकी अधिकारी (ITO) के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार के जल क्रीड़ा क्षेत्र में मुख्य सलाहकार एवं नोडल अधिकारी के रूप में भी उनका योगदान रहा है।
खिलाड़ी के रूप में उपलब्धियां हासिल करने के बाद उन्होंने प्रशिक्षण एवं खेल प्रशासन के क्षेत्र में भी अपनी सक्रिय भूमिका जारी रखी। वर्तमान में वे राष्ट्रीय कोच के रूप में देश के शीर्ष खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
इसके साथ ही भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ (IKCA) में एथलीटों के मुख्य चयनकर्ता के रूप में भी वह महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में योगदान
मुकेश शर्मा ने केवल मैदान पर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन ही नहीं किया, बल्कि खेल प्रशासन, नीति निर्माण, जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण और प्रतिभाओं के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए अखिल भारतीय विश्वविद्यालयों द्वारा उन्हें विकास के क्षेत्र में मानद उपाधि से भी सम्मानित किया जा चुका है।
उनका अनुभव और विशेषज्ञता उत्तराखंड सहित देश में जल क्रीड़ा से जुड़े खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित हो रही है।
उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर द्रोणाचार्य पुरस्कार-2025 से मुकेश शर्मा का सम्मानित होना उत्तराखंड पुलिस के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान उस यात्रा की पहचान है, जिसमें उन्होंने एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी से लेकर कोच, खेल प्रशासक और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी तक विभिन्न भूमिकाओं में अपनी पहचान बनाई है।
उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को विशेष रूप से कैनोइंग, कयाकिंग और अन्य जल क्रीड़ाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उनके सम्मान से उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और खेल क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में भी नई प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
