लामरीधार आयुष अस्पताल निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों की बैठक, संघर्ष समिति का गठन
अस्पताल निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग तेज, मुख्यमंत्री, आयुष सचिव, सांसद को भेजे गए ज्ञापनों और हाईकोर्ट में लंबित जनहित याचिका पर हुई चर्चा
जाखणीधार (टिहरी गढ़वाल) | 24 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
झेलम-खण्डोगी-लामरीधार आयुष चिकित्सालय के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर जाखणीधार क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं एवं समाजसेवियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं होने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र शुरू कराने के लिए सर्वसम्मति से “अस्पताल निर्माण संघर्ष समिति” के गठन का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आयुष अस्पताल का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण मांग है। अस्पताल के निर्माण से जाखणीधार एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, लेकिन कार्य प्रारंभ न होने से क्षेत्रवासियों में निराशा है।
जनप्रतिनिधियों के प्रयासों पर हुई चर्चा
बैठक में बताया गया कि अस्पताल निर्माण को लेकर पूर्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को मांग पत्र सौंपा गया था। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री को भी इस संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि टिहरी विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी ने भी मुख्यमंत्री से अस्पताल निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया था।
आयुष सचिव और सांसद से भी किया गया हस्तक्षेप का अनुरोध
बैठक में बताया गया कि अस्पताल निर्माण को लेकर उत्तराखंड शासन के सचिव (आयुष) को भी ज्ञापन सौंपा गया है। साथ ही क्षेत्र के सांसद से भी हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का अनुरोध किया गया है।
हाईकोर्ट में लंबित है जनहित याचिका
बैठक में जानकारी दी गई कि अस्पताल निर्माण से जुड़े मामले में पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी द्वारा दायर जनहित याचिका (PIL) को उत्तराखंड उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने स्वीकार कर लिया है।
बैठक में बताया गया कि प्रथम सुनवाई के दौरान विभाग ने न्यायालय से 45 दिन का समय मांगा था तथा मामले में विभाग द्वारा समय मांगे जाने की प्रक्रिया जारी है।
संघर्ष समिति का किया गया गठन
अस्पताल निर्माण की मांग को संगठित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही करने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से “अस्पताल निर्माण संघर्ष समिति” का गठन किया गया।
समिति के पदाधिकारियों का चयन इस प्रकार किया गया—
- अध्यक्ष – विक्रम उनियाल
- सचिव – रवि नेगी
- कोषाध्यक्ष – मनवीर सिंह
- सदस्य – गीता देवी (जिला पंचायत सदस्य)
- सह सचिव – गोविंद सिंह नेगी
- सह सचिव – विक्रम सिंह राणा
- संयुक्त मंत्री – देव सिंह भंडारी
- संयुक्त मंत्री – कीर्ति चंद कुमाई
- संगठन मंत्री – बलवीर सिंह उनियाल
इसके अतिरिक्त क्षेत्र के पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधानों सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को भी समिति में शामिल किया गया।
अस्पताल निर्माण तक जारी रहेगा संघर्ष
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि अस्पताल निर्माण कार्य प्रारंभ होने तक क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांग उठाते रहेंगे। संघर्ष समिति शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और न्यायालय के समक्ष क्षेत्र की आवाज को प्रभावी ढंग से रखेगी।
