विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर टिहरी में बैठक, प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलए नियुक्ति अनिवार्य
राजनीतिक दलों को बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने एवं बीएलओ के साथ समन्वय बनाने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 15 मई 2026।
कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के अंतर्गत प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बीएलए नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव अथवा अधिकृत पदाधिकारी प्राधिकरण प्रपत्र फार्म आईडी बीएलए-1 के माध्यम से जिला अथवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रतिनिधि अधिकृत करेंगे।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकृत प्रतिनिधि प्रत्येक मतदान केंद्र हेतु फार्म आईडी बीएलए-2 के माध्यम से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करेंगे। प्रत्येक मतदेय स्थल के लिए एक बीएलए नियुक्त किया जाएगा। यदि किसी बीएलए को एक से अधिक भागों के लिए नियुक्त किया जाता है, तो यह नियुक्ति केवल उसी केंद्र के अंतर्गत मान्य होगी तथा प्रत्येक भाग के लिए अलग बीएलए-2 प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा।
वर्षों तक प्रभावी रहेगी बीएलए नियुक्ति
बैठक में बताया गया कि बीएलए की नियुक्ति पुनरीक्षण एवं गैर-पुनरीक्षण अवधि सहित आगामी वर्षों तक प्रभावी रहेगी, जब तक संबंधित राजनीतिक दल द्वारा उसे वापस न लिया जाए अथवा संबंधित व्यक्ति उस निर्वाचन क्षेत्र का पंजीकृत मतदाता न रहे।
इसके साथ ही स्पष्ट किया गया कि सरकार, स्थानीय प्राधिकरण या सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारी बूथ लेवल एजेंट के रूप में कार्य नहीं कर सकते।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि उनके द्वारा नियुक्त बीएलए, क्षेत्रीय बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं सत्यापन कार्यों में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके और कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से नरेंद्र चन्द, भारत कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव भगवान सिंह राणा, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कांग्रेस महासचिव गब्बर सिंह सहित एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी एवं प्रशासनिक अधिकारी जवाहर उपस्थित रहे।
