सभी नगर निकायों में जून माह में लगेंगे लोक कल्याण मेले और स्वनिधि शिविर, लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
पीएम स्वनिधि योजना के प्रचार-प्रसार, डिजिटल सशक्तीकरण और पात्र फेरी व्यवसायियों के पंजीकरण पर रहेगा विशेष फोकस
टिहरी गढ़वाल, 06 जून 2026 | SKS News
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल की सभी नगर निकायों में 01 जून से 30 जून 2026 तक लोक कल्याण मेला, स्वनिधि महोत्सव एवं स्वनिधि शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों तथा उनके परिवारों की सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाना और योजना के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा करना है।
यह जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नई टिहरी वासुदेव डंगवाल ने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से फेरी व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों को ऋण एवं क्रेडिट सुविधाओं से जोड़ने, डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देने तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान बैंकों, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), विभिन्न विभागों, डिजिटल भुगतान एग्रीगेटरों (डीपीए), टाउन वेंडिंग समितियों (टीवीसी) तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से फेरी व्यवसायियों का सर्वेक्षण किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी संचालित की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम
जारी रोस्टर के अनुसार जनपद की विभिन्न नगर निकायों में निम्न तिथियों को स्वनिधि शिविर एवं लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे—
– नगर पालिका परिषद चंबा – 09 जून 2026
– नगर पालिका देवप्रयाग – 11 जून 2026
– नगर पंचायत गजा – 12 जून 2026
– नगर पंचायत तपोवन – 15 जून 2026
– नगर पंचायत कीर्तिनगर – 16 जून 2026
– नगर पालिका नरेंद्रनगर – 17 जून 2026
– नगर पंचायत लंबगांव – 18 जून 2026
– नगर पालिका परिषद नई टिहरी – 19 जून 2026
– नगर पंचायत घनसाली – 23 जून 2026
– नगर पंचायत चमियाला – 24 जून 2026
– नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती – 25 जून 2026
नोडल अधिकारी ने बताया कि सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के सभागारों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि नगर पालिका परिषद नई टिहरी का आयोजन ओपन मार्केट, बौराड़ी में किया जाएगा।
उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया है कि निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जाए।
इन आयोजनों से न केवल फेरी व्यवसायियों को आर्थिक सहायता और वित्तीय समावेशन का अवसर मिलेगा, बल्कि डिजिटल लेन-देन, खाद्य सुरक्षा मानकों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आम नागरिकों तक पहुंचेगी।
