सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर नकोट में चलाया जन जागरूकता अभियान, ली शपथ
दो मिनट का मौन रखकर अंकिता भण्डारी को दी श्रद्धांजलि
सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर ग्रामीण कस्बा नकोट में सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के तत्वावधान में श्रीदेव सुमन कला मंच चम्बा द्वारा जन गीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया गया। कला मंच के कलाकारों ने उपस्थित जन समूह को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को न करने हेतु शपथ भी दिलाई।
कला मंच के कलाकारों ने मखलोगी प्रखण्ड के नकोट कस्बे में गीतों के माध्यम से लोगों लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न किए जाने हेतु प्रेरित किया। लोकगायक रवि गुसांई ने उपस्थित जन समूह को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय क्षति के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील भी की और सरकार द्वारा चलाये जा रहे प्लास्टिक उन्मूलन अभियान को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम से पूर्व उपस्थित जन समूह एवं व्यापारियों ने अंकिता भण्डारी की नृशंस हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा और मृतात्मा की शांति की कामना की। व्यापारियों एवं उपस्थित जन समूह ने अंकिता भण्डारी के हत्यारों व दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की।
इस मौके पर ग्राम पंचायत नकोट के पूर्व प्रधान दौलत सिंह मखलोगा समेत कला मंच के आरती बिष्ट, सुमित गुसांई, राजेन्द्र जोशी, कविता भट्ट, सोनिका लेखवार आदि मौजूद रहीं।

