जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की सुरकण्डा मंदिर समिति के साथ बैठक, पर्यावरण सुरक्षा के लिए दिए अहम निर्देश
देवदार के वृक्ष, हर्बल वनस्पति संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र के लिए उठाए गए कदम
टिहरी, 11 मार्च 2025:
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्टेट सभागार में सुरकण्डा मंदिर समिति के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और मंदिर क्षेत्र से जुड़े कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के दौरान, मंदिर समिति ने देवदार के वृक्षों की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रभागीय वन अधिकारी नरेंद्रनगर को समिति को देवदार के पेड़ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही, मंदिर समिति ने हर्बल और औषधीय वनस्पतियों को संरक्षित करने की आवश्यकता जताई और प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगाकर कपड़े के बैग के उपयोग का सुझाव दिया। इस पर जिलाधिकारी ने पीडी डीआरडीए को निर्देश दिए कि वह स्वयं सहायता समूह से एक हजार कपड़े के बैग खरीदकर मंदिर के निकटवर्ती बाजार और दुकानदारों को विक्रय के लिए उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने कूड़ा निस्तारण के लिए खंड विकास अधिकारी जौनपुर को ग्रामीण क्षेत्रों से नियमित रूप से कूड़ा उठाने और एसडीएम धनोल्टी को निस्तारण की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, सुरकंडा मंदिर तक के पैदल मार्ग और धनोल्टी क्षेत्र में डस्टबिन लगाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने वन विभाग को कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
इस बैठक में पीडी डीआरडीए पुष्पेश चौहान, डीडीओ मौ. असलम, एसडीएम धनोल्टी मंजू राजपूत, खंड विकास अधिकारी थत्यूड़, प्रधान धनोल्टी नीरज वेलवाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, रघुभाई जड़धारी, और ईको पार्क के सचिव मनोज उनियाल सहित समिति के कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
