महिला स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत बालिकाओं को वितरित किए सैनिटरी नैपकिन
सेवा संकल्प फाउंडेशन की पहल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता के साथ बालिकाओं से किया संवाद
टिहरी, 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से महिला स्वास्थ्य जनजागरूकता अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बौराड़ी एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर में सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बालिकाओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित करने के साथ ही किशोरावस्था में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मासिक धर्म से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
किशोरावस्था के शारीरिक बदलावों और स्वच्छता की दी जानकारी
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बौराड़ी में आयोजित कार्यक्रम में अध्यापिकाओं, चिकित्सक एवं जनप्रतिनिधियों ने बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
चिकित्सक डॉ. अभिलाषा ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, मासिक धर्म के समय स्वच्छता बनाए रखने तथा इस आयु में सामने आने वाली विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।
‘मासिक धर्म शर्म या संकोच का विषय नहीं’
कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने वर्चुअल माध्यम से बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं तक निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित न हो।
गीता धामी ने कहा कि मासिक धर्म शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि हर बेटी के जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है। इसके प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी सजगता जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना संक्रमण के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य प्रत्येक बेटी तक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं और जागरूकता को पहुंचाना है, ताकि वह स्वस्थ, सुरक्षित एवं आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सके।
शिक्षक, जनप्रतिनिधि और फाउंडेशन पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन के समन्वयक अनिरुद्ध भट्ट, चिकित्सक डॉ. अभिलाषा, प्रधानाचार्य आरती बिष्ट, सभासद उर्मिला राणा सहित अध्यापिकाएं नीलम, रोशनी नेगी, मीना सकलानी, प्रभा राणा, हिमानी भंडारी, भुवनेश्वरी, पार्वती, कल्पना असवाल, शिखा, अंजू और संगीता रावत मौजूद रहीं।
इसके अलावा लता मखलोगा, भारती सेमवाल सहित विद्यालय की छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
