स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में हस्ताक्षर अभियान एवं क्विज प्रतियोगिता
नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत विद्यार्थियों ने स्वच्छता, गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जताई प्रतिबद्धता
मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत हस्ताक्षर अभियान एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छता, गंगा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
गंगा संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने कहा कि गंगा सहित अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने के प्रभावी माध्यम बन सकते हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित की जा सकती है।
हस्ताक्षर अभियान में लिया स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने हस्ताक्षर अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से उन्होंने स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता, गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण से जुड़े विषयों के प्रति विद्यार्थियों की जानकारी को परखा गया।
क्विज प्रतियोगिता में डॉ. राकेश कुमार भट्ट एवं डॉ. इन्द्रपाल सिंह रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
