देवभूमि उत्तराखंड के 378 तीर्थ स्थलों का करेगी भ्रमण; संयोजक ने हिमालय आरती और संस्कृति संरक्षण पर दिया जोर।
चंबा, टिहरी: बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली के चंबा आगमन पर श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया। डोली के दर्शन के लिए सैकड़ों लोगों ने श्रद्धा के साथ उपस्थित होकर आशीर्वाद लिया। यह धर्म तीर्थ यात्रा विगत 25 वर्षों से जन सहयोग से संचालित की जा रही है और अबकी बार यह डोली उत्तराखंड के 378 धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेगी।
7 मई को विशोन शिवलिंग और हिंदाव से प्रारंभ हुई यह एक माह की यात्रा 5 जून को विशोन में ही धार्मिक अनुष्ठान के साथ संपन्न होगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी इसके संयोजक हैं, जबकि रूप सिंह वजियाल डोली यात्रा के अध्यक्ष हैं।
संयोजक नैथानी ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण, धर्म-संस्कृति का प्रचार-प्रसार, तीर्थाटन और प्रकृति संरक्षण है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में योग, ध्यान, संस्कृत शिक्षा, हिमालय आरती और चारधाम सहित हजारों अन्य धार्मिक स्थलों की महत्ता को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
डोली के स्वागत में नगर पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला, पूर्व अध्यक्ष सूरज राणा, पूर्व जेष्ठ प्रमुख नरेन्द्र रमोला, विक्रम पंवार, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। डोली रात्रि विश्राम हेतु आकाश लोक होटल में रही, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
*रिपोर्ट: सो.ला.सकलानी ‘निशांत’
