स्ट्रांग रूम, मतपेटियां, कंट्रोल रूम और भोजन व्यवस्था का लिया जायजा; पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए दिए दिशा-निर्देश
टिहरी/23 जुलाई, 2025:
उत्तराखंड में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के अंतर्गत जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) नितिका खण्डेलवाल ने आज विकासखण्ड थौलधार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चुनाव की तैयारी, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं और लॉजिस्टिक्स का मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर बनाए गए सभी बूथों, आपदा कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, मतपेटियां, स्ट्रांग रूम और भोजन वितरण की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
स्ट्रांग रूम निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं और बताया कि 121 बूथों की मतपेटियों के लिए पर्याप्त व सुरक्षित स्थान निर्धारित कर लिया गया है। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को पारदर्शिता, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन हेतु निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) मनोज डोभाल ने जानकारी दी कि मतदान कार्मिकों के लिए भोजन की व्यवस्था सुचारू रूप से की गई है, और सभी को समय से भोजन वितरित किया जा रहा है।
निरीक्षण में डीडीओ मो. असलम, आरओ प्रशांत भारद्वाज, बीडीओ स्नेह नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
