सकलाना कैरम चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ, 12 टीमों ने लिया हिस्सा
दो दिवसीय प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के साथ बड़े भी दिखा रहे उत्साह, अतिथियों ने कहा—ऐसे आयोजनों से युवाओं को मिलता है आगे बढ़ने का मंच
थत्यूड़/सकलाना, टिहरी गढ़वाल। जौनपुर ब्लॉक के सकलाना क्षेत्र में आत्मनिर्भर सकलाना कैरम चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ सती मंदिर, सत्यों सकलाना में हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक टिहरी के अध्यक्ष सुभाष चंद्र रमोला, पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा, अंतरराष्ट्रीय कोच सुभाष राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर सिंह नेगी, अरविंद सकलानी, वीरेंद्र राणा और भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश उनियाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सुभाष चंद्र रमोला के पहली बार सकलाना आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा एवं अंतरराष्ट्रीय कोच सुभाष राणा ने भी उनका स्वागत किया।
खेल आयोजनों से मिलता है नया सीखने का अवसर
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सुभाष चंद्र रमोला ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं के साथ-साथ बड़े लोगों को भी एक साथ जुड़कर कुछ नया सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खेल गतिविधियों को सामाजिक सहभागिता और सीखने का बेहतर माध्यम बताया।
पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रेरणा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि सकलाना क्षेत्र की अपनी ऐतिहासिक पहचान रही है और इस क्षेत्र ने अनेक क्रांतिकारी दिए हैं।
ब्लॉक स्तर तक पहुंचे ऐसे आयोजन
अंतरराष्ट्रीय कोच सुभाष राणा ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन केवल एक क्षेत्र तक सीमित न रहकर ब्लॉक स्तर तक पहुंचने चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।
कार्यक्रम संयोजक कमलेश सकलानी ने बताया कि यह दो दिवसीय कैरम प्रतियोगिता है, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ बड़े लोग भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस तरह का आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक नई पहल है। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में शिक्षक दिनेश उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल, हरीश भट्ट, मुकेश भट्ट, रंजू नेगी, अतुल रमोला, संदीप मंद्रवाल, सत्येंद्र, प्रेमदत्त भट्ट सेमवाल, आशुतोष नकोटी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
