👉 14 दिवसीय बेसिक व्हाइट वाटर कयाकिंग कोर्स से महिलाओं को मिलेगा रिवर गाइड बनने का अवसर, टिहरी झील के कोटि कॉलोनी परिसर में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया शुभारंभ
टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त 2025।
उत्तराखंड की बेटियों ने साहसिक खेलों में नया कदम रखा है। टिहरी झील के कोटि कॉलोनी परिसर में मंगलवार को 14 दिवसीय महिला बेसिक व्हाइट वाटर कयाकिंग कोर्स का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया। यह प्रशिक्षण 19 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “कयाकिंग केवल साहसिक खेल ही नहीं, बल्कि एक जीवन रक्षक कला (Life Saving Skill) भी है। इस प्रशिक्षण से छात्राएं न सिर्फ अपने डर पर विजय पाएंगी, बल्कि दूसरों की मदद करने का हुनर भी सीखेंगी।” उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में पैशन को जीवित रखना सबसे जरूरी है और हर चुनौती से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देशों के अंतर्गत हो रहा है। साहसिक खेल अधिकारी सीमा नौटियाल ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को गंगा नदी में एडवांस कोर्स भी मिलेगा, जिससे वे रिवर गाइड और कयाकिंग गाइड के रूप में रोजगार स्थापित कर सकती हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण में 20 छात्राएं शामिल हुई हैं। ये प्रतिभागी पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर, धनोल्टी और कीर्तिनगर जैसे क्षेत्रों से आई हैं। छात्राओं के भोजन और आवास की व्यवस्था आईटीबीपी द्वारा की गई है। साथ ही अनुशासन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में मार्गदर्शन देने वाले प्रशिक्षकों में शामिल हैं – धर्मेंद्र नेगी, ऋषि राणा (तीस नदियों में तैराकी विशेषज्ञ), प्रियंका राणा, अंकित भंडारी, मितेश नेगी तथा एवरेस्ट विजेता अरविंद रतूड़ी।
इस अवसर पर जल क्रीड़ा विशेषज्ञ भूपेंद्र सिंह, आईटीबीपी के जवान, प्रशिक्षकगण और सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।
