जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में मुनि की रेती क्षेत्र में परिवहन एवं पुलिस विभाग का सघन प्रवर्तन अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई।
टिहरी गढ़वाल, 06 सितम्बर 2025:
जनपद टिहरी गढ़वाल में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल के दिशा-निर्देशों पर परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज मुनि की रेती क्षेत्र में सघन प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट (M.V. Act) के तहत विभिन्न यातायात नियम उल्लंघनों—जैसे बिना हेलमेट, बिना पंजीयन, बिना बीमा, बिना कर, ओवरलोड, ओवरस्पीड, एच.एस.आर.पी. (High Security Registration Plate) एवं बिना ड्राइविंग लाइसेंस—में पाए गए कुल 43 वाहनों के चालान किए गए।
यह अभियान एआरटीओ सतेंद्र राज एवं यातायात निरीक्षक कृष्णकांत आर्य की देखरेख में संचालित हुआ। इसमें परिवहन विभाग से अनंत राम रावत (सहायक परिवहन निरीक्षक), अर्जुन सिंह, विपिन, रोहन एवं मनजीत (प्रवर्तन आरक्षी) तथा पुलिस विभाग से नीरज कुमार, पवन कुमार एवं कमलेश्वर प्रसाद ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित से जुड़ा विषय है, इसलिए हर नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट का उपयोग करें, गाड़ी के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें, ओवरस्पीडिंग से बचें और सुरक्षित यातायात को प्राथमिकता दें।
