नगर पंचायत गजा में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर पर्याप्त संसाधन न होने से स्थगित, जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराज़गी
गजा/टिहरी गढ़वाल।
विवेकानंद नेत्रालय देहरादून एवं जिला अंधता निवारण समिति द्वारा नगर पंचायत गजा के बारातघर में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गया जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जांच संसाधनों की कमी पर सवाल उठाए।
जनप्रतिनिधियों का कहना था कि प्रचार पंपलेट में कई तरह की नेत्र जांच का उल्लेख किया गया था, किंतु मौके पर केवल टॉर्च के सहारे जांच की जा रही थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने शिविर पर आपत्ति जताई।
नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान और जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने बताया कि आंखों की जांच जैसे संवेदनशील मामले में संसाधनों की कमी स्वीकार्य नहीं है। टीम में मौजूद चिकित्सक डॉ. अजय रावत, पियूष भारती, आयुष कुमार और बलजीत सिंह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
स्वास्थ्य विभाग नई टिहरी से पहुंचे दिनेश सिंह रावत और सहयोगी दिनेश सिंह राणा से भी लोगों ने इस विषय पर चर्चा की। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने दूरभाष पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय को स्थिति से अवगत कराया।
आखिरकार, जनप्रतिनिधियों ने शिविर को बिना पर्याप्त संसाधन के आगे न बढ़ाने का निर्णय लिया और आयोजन स्थगित करा दिया।
इस अवसर पर सभासद श्रीमती रंजना चौहान, प्रधान बीरेंद्र सिंह चौहान, पूर्व प्रधान भगवान सिंह चौहान, श्रीमती प्रियंका चौहान, मदन सिंह खड़वाल, महताब सिंह खाती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
