आवास एवं निर्माण सहकारी संघ को समय पर निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश
-
3 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक विशेष थीम आधारित सहकारी मेले आयोजित होंगे
-
सहकारी समितियों में पारदर्शिता और गति लाने पर जोर
देहरादून, 25 सितम्बर 2025।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज विधानसभा सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहकारी समितियों में लम्बे समय से रिक्त 279 कैडर सचिवों की भर्ती शीघ्र की जाए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति से सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति आएगी तथा अंतिम पंक्ति तक लाभ सुनिश्चित होगा।
इन रिक्तियों में रुद्रप्रयाग में 18, पिथौरागढ़ 24, टिहरी 46, पौड़ी 44, चंपावत 1, उत्तरकाशी 2, ऊधमसिंह नगर 27, हरिद्वार 21, नैनीताल व अल्मोड़ा 23-23, चमोली व देहरादून 25-25 कैडर सचिव शामिल हैं।
विशेष सहकारी मेले
डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 3 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले थीम आधारित सहकारी मेलों की तैयारियों में कोई कमी न रहे और इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
आवास एवं निर्माण सहकारी संघ की समीक्षा
सहकारिता मंत्री ने आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को निर्देशित किया कि काशीपुर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से जुड़े भूमि विवाद का त्वरित निस्तारण किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2023 से अब तक आवास संघ को ₹43.87 करोड़ की लागत के 97 निर्माण कार्य आवंटित किए गए, जिनमें से 38 पूरे हो चुके हैं और 59 अंतिम चरण में हैं। इसके अलावा समेकित परियोजना के तहत 12 कार्य, जिला सहकारी बैंक के तहत 2 कार्य और गोदाम निर्माण के प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में सचिव सहकारिता बीवीआरसी पुरुषोत्तम, निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर निबंधक एवं प्रबंध निदेशक आवास संघ इरा उप्रेती, महाप्रबंधक समुन कुमार, अधिशासी अभियंता मोहसीन अली, डेवलपमेंट ऑफिसर रोहित रस्तोगी, सरिता पासी, अंकित जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
