नई टिहरी के राजकीय आदर्श विद्यालय में कौशल प्रशिक्षण का समापन, ‘वेस्ट से बेस्ट’ से छात्र-छात्राओं ने दिखाया हुनर
प्लास्टिक वेस्ट और पिरूल से टोकरी, डस्टबिन, पेनदान बनाने का प्रशिक्षण—रोजगार और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
नई टिहरी | दिनांक: 24 मार्च 2026
राजकीय आदर्श विद्यालय, नई टिहरी में आयोजित दो दिवसीय व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ‘वेस्ट से बेस्ट’ की अवधारणा के तहत प्लास्टिक के रैपर और पिरूल (चीड़ की सूखी पत्तियां) से उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने टोकरी, डस्टबिन, पेनदान और फूलदान जैसी आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुएं बनाकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री त्रिवेंद्र तीर्थराज सिंह राणा ने कहा कि विद्यालय समय-समय पर छात्र-छात्राओं के कौशल विकास के लिए ऐसे नवाचार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों में स्वरोजगार के प्रति रुचि बढ़ती है और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
प्रशिक्षण प्रदान कर रही उद्यमी सुषमा बहुगुणा ने बताया कि इन दो दिनों में छात्रों को कौशल विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने विस्तार से बताया कि किस प्रकार प्लास्टिक वेस्ट और पिरूल का उपयोग कर घर की सजावट और दैनिक उपयोग की वस्तुएं तैयार की जा सकती हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री गौतम प्रसाद भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने इस प्रशिक्षण के माध्यम से नई तकनीकें सीखी हैं, जो उनके भविष्य में उपयोगी साबित होंगी।
इस अवसर पर मानवाधिकार संरक्षण एवं ग्रामीण विकास समिति के अध्यक्ष संजय बहुगुणा ने बताया कि हेस्को संस्थान, देहरादून के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों में इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे एक ओर जहां रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक—श्री गौतम प्रसाद भट्ट, श्री इन्द्र देव बहुगुणा, श्री राम अनुज बहुगुणा, श्रीमती मीरा पंवार, श्रीमती नंदा चौहान, श्री शिव प्रसाद उनियाल, प्रोमिला नौटियाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।
