अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में जल्द होगी शिक्षकों की तैनाती, शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देश
एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी काउंसलिंग प्रक्रिया, एससीईआरटी के रिक्त पद भी प्रतिनियुक्ति से भरने का निर्णय
देहरादून, 16 मई 2026 | SKS News
प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राज्य के सभी अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर शीघ्र तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा गया है।
शुक्रवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल शिक्षकों की काउंसलिंग कर उन्हें वरियता क्रम के आधार पर नई तैनाती दी जाएगी, ताकि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर कर पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
एससीईआरटी के रिक्त पद भी जल्द भरेंगे
बैठक में मंत्री ने SCERT Uttarakhand में लंबे समय से रिक्त चल रहे शैक्षणिक संवर्ग के पदों को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निर्बाध रूप से संचालित रखने के लिए रिक्त पदों को भरना आवश्यक है। जब तक एससीईआरटी का पृथक ढांचा स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रतिनियुक्ति से पद भरे जाएंगे।
डायट नियमावली को कैबिनेट में लाने के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्त एवं कार्मिक विभाग से समन्वय स्थापित कर डायटों की नियमावली को मंत्रिपरिषद की आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग में लंबे समय से शिक्षकों के पदोन्नति प्रकरण लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के लिए उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सीएससी से वार्ता कर प्रकरणों का निस्तारण कराया जाएगा।
बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, डॉ. मुकुल सती, मेहरबान सिंह बिष्ट, परमेन्द्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग में समाप्त होंगे सभी अटैचमेंट
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में किए गए सभी प्रकार के सम्बद्धीकरण (अटैचमेंट) समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सम्बद्ध शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थल पर वापस भेजा जाएगा, ताकि विद्यालयों में कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नए शिक्षा सत्र में आवश्यकतानुसार ही सम्बद्धीकरण किया जाएगा।
