टिहरी में गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा, एडीएम ने एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश
देवप्रयाग और कीर्तिनगर में गैस किल्लत पर जताई चिंता, ई-केवाईसी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 23 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शुक्रवार देर सायं अपने कार्यालय कक्ष में पूर्ति विभाग एवं जनपद की गैस वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर गैस आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में एडीएम ने सभी गैस एजेंसियों से घरेलू गैस सिलेंडरों के प्राप्त स्टॉक, वितरण, उपभोग एवं शेष स्टॉक की जानकारी ली। साथ ही उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रगति और वितरण व्यवस्था में आ रही समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से देवप्रयाग और कीर्तिनगर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कथित किल्लत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी प्रतिनिधियों से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। इस पर एजेंसी संचालकों ने बताया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण न होने के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है।
एडीएम ने निर्देश दिए कि ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाई जाए तथा उपभोक्ताओं को जागरूक कर समय पर प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि किसी भी पात्र उपभोक्ता को गैस वितरण में परेशानी न हो।
बैठक के दौरान अंजनीसैंण स्थित चन्द्रबदनी गैस एजेंसी में ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीएम ने बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी वाले उपकरणों का उपयोग करने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना आवश्यक है।
अपर जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न गैस एजेंसियों के स्टॉक की भी समीक्षा की तथा प्रतिदिन प्राप्त और वितरित किए जा रहे गैस सिलेंडरों की जानकारी ली। सभी एजेंसी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया।
बैठक में एडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखा जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कमी या वितरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल सहित पूर्ति विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
