चारधाम यात्रा मार्ग पर मंत्री गणेश जोशी का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य के निर्देश
गस्ती बैंड एवं कैम्पटी-चंबा मार्ग पर चल रहे पुनर्स्थापना कार्यों का लिया जायजा, यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा को बताया सरकार की प्राथमिकता
टिहरी गढ़वाल, 8 जून 2026 | SKS News | Sarhad Ka Sakshi Digital Media
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को जनपद टिहरी गढ़वाल का भ्रमण कर आपदा से प्रभावित यात्रा मार्गों पर चल रहे पुनर्स्थापना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विगत वर्ष आपदा के कारण क्षतिग्रस्त एवं वॉशआउट हुए चारधाम यात्रा मार्ग के गस्ती बैंड के समीप एनएच-707ए तथा कैम्पटी-चंबा मार्ग पर चल रहे सड़क ट्रीटमेंट और पुनर्स्थापना कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की बहाली और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विशेष रूप से आगामी मानसून को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रा मार्ग बाधित न हो।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
