केतन लाल हत्याकांड: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, बोले— दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
देवल गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की उठाई मांग; घायल दिवाकर डिमरी के परिजनों से भी की मुलाकात
प्रतापनगर (टिहरी गढ़वाल) | SKS News
प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के ओण पट्टी स्थित देवल गांव में हुए चर्चित केतन लाल हत्याकांड के बाद प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
देवल गांव पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने स्वर्गीय केतन लाल के परिजनों से मुलाकात की और परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक युवा बेटे का असमय इस तरह दुनिया से चले जाना न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक घटना है। इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जब तक दोषियों को कानून के कटघरे में खड़ा कर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों के साथ इस प्रकार की घटनाएं होना चिंताजनक है। अपराधियों के बढ़ते हौसले और आम नागरिकों में बढ़ती असुरक्षा की भावना शासन-प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने घायल युवक दिवाकर डिमरी के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवाकर जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटें।
यशपाल आर्य ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार के दुख और पीड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में कानून व्यवस्था, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। इसलिए दोषियों को सख्त सजा दिलाना आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष टिहरी मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा, हरिद्वार कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कुंदन सिंह राणा, श्यामलाल शाह, कपिल जोशी, दिनेश लाल, ज्ञान सिंह, रोशन लाल नौटियाल, डॉ. राकेश लाल, मयचंद रमोला, शिव सिंह पोखरियाल, मेहताब सिंह थलवाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
