'प्रोजेक्ट ज्ञानदीप' से टिहरी के 18 राजकीय विद्यालयों को मिली नई सौगात, 900 फर्नीचर सेट का वितरण
समआरंभ फाउंडेशन और ओएनजीसी की पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शिक्षण वातावरण
टिहरी गढ़वाल, 30 जुलाई 2026।
जनपद टिहरी गढ़वाल में विद्यालयों की आधारभूत शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए समआरंभ फाउंडेशन ने ओएनजीसी के सहयोग से संचालित ‘प्रोजेक्ट ज्ञानदीप’ के तहत जनपद के 18 राजकीय विद्यालयों को 900 फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा।
कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ हस्तांतरण समारोह
फर्नीचर वितरण के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हस्तांतरण समारोह में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल, समआरंभ फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक खंतवाल, मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक कुशवाहा, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रतिनिधियों को प्रतीकात्मक रूप से फर्नीचर हस्तांतरित किए गए।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधारभूत सुविधाएं जरूरी: जिलाधिकारी
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने समआरंभ फाउंडेशन एवं ओएनजीसी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बेहतर फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिससे उनके शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने जनपदवासियों की ओर से दोनों संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक माहौल
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट ज्ञानदीप’ शिक्षा क्षेत्र में एक सराहनीय पहल है। विद्यालयों में पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोगात्मक प्रयास शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य
समआरंभ फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक खंतवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल विद्यालयों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं सामाजिक सुधार से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करता रहेगा।
जनहित में सहयोग जारी रखने का संकल्प
समारोह के दौरान समआरंभ फाउंडेशन एवं ओएनजीसी ने समाज एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐसे विकासोन्मुखी प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने इस सहयोग के लिए समआरंभ फाउंडेशन एवं ओएनजीसी का आभार व्यक्त किया।
