स्वतंत्रता दिवस से पहले टिहरी में डीएम ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान, स्वयं श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
तीन ट्रक कूड़ा-कचरा हटाया गया; सरकारी कार्यालयों की सफाई के साथ भवन, कैंटीन और परिसर की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने तथा सरकारी कार्यालयों एवं उनके परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को टिहरी में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सुबह 8 बजे शुरू हुए अभियान में उन्होंने स्वयं श्रमदान कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सजगता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य, पूर्ति, श्रम, सिंचाई, उत्तराखंड वन विकास निगम, वन, दुग्ध सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। लंबे समय से उगी झाड़ियों एवं खरपतवार की कटाई के साथ कार्यालय परिसरों में जमा कूड़ा-कचरा, अनुपयोगी सामग्री और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया।
अभियान के दौरान करीब तीन ट्रक कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया, जिसे डम्पिंग जोन भेजा गया।
कार्यालय परिसरों में गंदगी और अनावश्यक सामग्री पर डीएम सख्त
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्वच्छता अभियान के दौरान विभिन्न कार्यालय परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय परिसरों तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी-पत्थर के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अनावश्यक सामग्री जमा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बंद कैंटीन को उपयोग में लाने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर लंबे समय से बंद पड़ी कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उसके अंदर और बाहर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए, ताकि भविष्य में इसे विभागीय उपयोग में लाया जा सके।
वहीं सिंचाई विभाग के कार्यालय एवं संयुक्त कार्यालय भवन में टपकती छत तथा भवन की अन्य मरम्मत संबंधी समस्याओं का भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
‘स्वच्छता को अभियान नहीं, नियमित व्यवस्था बनाएं’
स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लेने का भी अवसर है।
उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने कार्यालय, कार्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अभियानों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे नियमित कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाए।
अभियान के बाद कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची
स्वच्छता अभियान के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय न केवल कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराते हैं, बल्कि कार्यालयों में आने वाले आमजन के बीच भी प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं।
स्वच्छता अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विजय पाल, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
