‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा हटवाल गांव का हनुमान मंदिर
युवाओं ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और स्वच्छता अभियान, सनातन संस्कृति व स्थानीय बोली-भाषा के संरक्षण का लिया संकल्प
थत्यूड़/सकलाना, टिहरी गढ़वाल। मंगलवार को सकलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हटवाल गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। यहां युवाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ, पूजा-अर्चना और स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान हनुमान जी से गांव की सुख-समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की गई।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के बाद युवाओं ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के माध्यम से धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ ही युवाओं को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया गया।
सनातन संस्कृति के प्रति युवाओं को जागरूक करना जरूरी
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी को अपनी धार्मिक आस्थाओं और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान श्रीराम के अनन्य भक्त और समर्पण के प्रतीक हैं। उनके जीवन से भक्ति, साहस, सेवा और समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे और युवा मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन गेम्स में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं, बोली और भाषा से जोड़ना आवश्यक है, ताकि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा सके।
अनिल हटवाल ने कहा कि नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करने से श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने हनुमान जी की भक्ति के संदेश को साझा करते हुए कहा—
“संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा।”
उन्होंने कामना की कि भगवान हनुमान का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और गांव में सुख, शांति एवं समृद्धि कायम रहे।
कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार भी देखने को मिला। युवाओं ने मंदिर परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास आगे भी जारी रखा जाएगा।
हनुमान चालीसा पाठ एवं स्वच्छता अभियान में अर्जुन, महेश कमान, प्रियाशी, सोनिका, नीतिन, आयुष, अंकित, अरुण, मीरा, गौरव, सारिका, ईशांत, दीपक, गौरव, सौरभ, दिव्यांश सहित अन्य ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।
