बेटियां उठाएंगी नशे के विरुद्ध मशाल: डॉ. धन सिंह रावत
एमकेपी पीजी कॉलेज से 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान का शुभारंभ, शिक्षण संस्थानों में युवाओं को दिलाई जाएगी नशामुक्त जीवन की शपथ
देहरादून/29 अगस्त, 2026। प्रदेश के युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तराखंड में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान शुरू किया गया है। अभियान का शुभारंभ शनिवार को एम.के.पी. पी.जी. कॉलेज, देहरादून से प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया।
इस अभियान के तहत प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ ही आमजन को भी नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नशे के विरुद्ध बेटियां बनेंगी जागरूकता की मशाल
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि एमकेपी पीजी कॉलेज से अभियान की शुरुआत करने का विशेष उद्देश्य प्रदेश की बेटियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान का सशक्त वाहक बनाना है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति ने हमेशा सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इस अभियान में छात्राओं की भागीदारी बेहद अहम होगी।
उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ समाज को भी भीतर से कमजोर करता है। युवाओं को नशे से बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लगातार जागरूक करने का आह्वान किया। डॉ. रावत ने विश्वास जताया कि युवा शक्ति, मातृशक्ति तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों की संयुक्त भागीदारी से नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प साकार किया जा सकता है।
ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बबीता दीदी ने युवाओं को सकारात्मक विचारों और स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। नीलम दीदी ने ध्यान एवं आध्यात्मिक जीवनशैली के माध्यम से मन और शरीर को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
मानसिक चिकित्सक डॉ. रोहित गोंदवाल ने नशे के मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं ने संवाद के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं।
एमकेपी पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ममता सिंह ने कहा कि जिस प्रकार दीपक अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार कॉलेज की छात्राएं नशे के अंधकार के विरुद्ध जागरूकता का दीप बनकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देंगी।
पोस्टर प्रतियोगिता और मैराथन में छात्राओं ने दिखाया उत्साह
महाविद्यालय के एंटी ड्रग सेल की ओर से ‘नशा एक अभिशाप’ विषय पर डिजिटल एवं हस्तनिर्मित पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई।
डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता:
- प्रथम — नैना
- द्वितीय — दीक्षा
- तृतीय — मरियम जैदी
हस्तनिर्मित पोस्टर प्रतियोगिता:
- प्रथम — अनुप्रिया
- द्वितीय — ईशिता
- तृतीय — विमला
इसके अलावा खेलकूद समिति की ओर से आयोजित मैराथन में साइमा अंसारी, कविता राणा, दिव्यांशी, दिव्या, हिमानी एवं सरस्वती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सभी विजेताओं को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने एमकेपी पीजी कॉलेज, एमआईटी, हैरिटेज स्कूल एवं एमकेपी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवन जीने तथा नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. एल्वी दास एवं डॉ. पुनीत सैनी ने किया।

