ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर डीएम टिहरी ने नगर निकायों को दिए कड़े निर्देश
जनपद में प्रतिदिन करीब 58 मीट्रिक टन कूड़ा उत्पादन, स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण और नियमित उठान सुनिश्चित करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 22 सितंबर 2026। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने तथा नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में कुल 11 नगर निकाय हैं, जिनमें 5 नगर पालिका परिषद और 6 नगर पंचायतें शामिल हैं। जनपद में प्रतिवर्ष लगभग 20,880 मीट्रिक टन कूड़ा उत्पन्न होता है, जबकि प्रतिदिन लगभग 58 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट निकलता है। इसमें करीब 28.8 मीट्रिक टन गीला कूड़ा और 24.75 मीट्रिक टन सूखा कूड़ा प्रतिदिन शामिल है।
10 एमआरएफ सेंटर और 72 कंपोस्ट पिट उपलब्ध
समीक्षा के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी दी गई। जनपद में वर्तमान में 10 एमआरएफ सेंटर, 72 कंपोस्ट पिट, 8 कंपोस्टर मशीन, 10 कॉम्पैक्टर मशीन, 4 जेसीबी तथा 4 क्रशर मशीन उपलब्ध हैं। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि तपोवन में एमआरएफ सेंटर उपलब्ध नहीं है।
इसके अलावा नगर निकायों में कूड़ा निस्तारण, कूड़े से प्राप्त राजस्व, सफाई निरीक्षक, पर्यावरण पर्यवेक्षक, पर्यावरण मित्र, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कर्मियों तथा उपलब्ध सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
चार नगर निकायों को बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने उच्चतम न्यायालय के आदेशों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित नियमों एवं विनियमों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यय की व्यवस्था हेतु नगर निकायों की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराने को कहा।
बैठक में बताया गया कि अधिकांश नगर निकायों में इस संबंध में प्रस्ताव पारित हो चुके हैं, जबकि शेष चार नगर निकायों को प्रस्ताव पारित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बल्क वेस्ट जनरेटरों और कूड़ा उठान वाहनों की समीक्षा
बैठक में बल्क वेस्ट जनरेटरों के विवरण एवं पंजीकरण, स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण तथा कूड़ा उठाने के लिए उपलब्ध वाहनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जिन स्थानों पर कूड़ा उठाने के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवश्यक वाहनों की व्यवस्था के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
कूड़ा फैलाने वालों पर होगी चालान की कार्रवाई
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देशित किया कि जहां भी कूड़ा डाले जाने अथवा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित समस्या सामने आती है, वहां नियमानुसार चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी नगर निकायों को स्रोत पर ही कूड़े का पृथक्करण, नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा उठान तथा कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से बनाए रखने को कहा।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डीडीओ मो. असलम, चम्बा अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार, तपोवन ईओ अंजली, एएमए जिला पंचायत गणेश भट्ट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
