मलवा आने से जगेठी की सिंचाई गूल बंद, काश्तकारों की फसलें सूखने के कगार पर
नकोट–गजा मार्ग स्थित गूल लंबे समय से बाधित, भानु प्रकाश रावत समेत ग्रामीण काश्तकारों ने सिंचाई विभाग से शीघ्र मरम्मत की मांग की
जगेठी/नकोट, टिहरी गढ़वाल। ग्राम जगेठी में नकोट–गजा मोटर मार्ग के समीप स्थित सिंचाई गूल में मलवा आने के कारण सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। गूल बंद होने से क्षेत्र के अनेक काश्तकारों को अपनी कृषि भूमि की सिंचाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के अभाव में फसलों के सूखने का खतरा बना हुआ है, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
काश्तकार भानु प्रकाश रावत के अनुसार, क्षेत्र में कृषि कार्य और पेयजल आपूर्ति के लिए यह गूल महत्वपूर्ण साधन है। पिछले कुछ समय से गूल में मलवा जमा होने के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद पड़ी है। वर्तमान समय में खेतों में फसलों को पानी की आवश्यकता है, लेकिन सिंचाई सुविधा उपलब्ध नहीं होने से किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गूल बंद होने की समस्या के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से कई बार ध्यान देने का अनुरोध किया गया है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। काश्तकारों ने सिंचाई विभाग से मौके पर संबंधित कर्मचारियों को भेजकर बंद पड़ी गूल का निरीक्षण कराने और मलवा हटाकर शीघ्र सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।
अधिशासी अभियंता को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में यह मांग
काश्तकारों की ओर से सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को दिए जाने वाले निवेदन में कहा गया है कि ग्राम जगेठी (नकोट–गजा मोटर मार्ग) में बंद पड़ी नहर/सिंचाई गूल को पुनः चालू कराया जाए। निवेदन में बताया गया है कि गूल के बंद होने से क्षेत्र के किसानों को कृषि भूमि की सिंचाई में परेशानी हो रही है और उनकी फसलें सूखने के कगार पर हैं।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों को तत्काल क्षेत्र में भेजकर बंद पड़ी गूल की मरम्मत कराई जाए तथा पानी को सुचारु रूप से छोड़ा जाए।
काश्तकार भानु प्रकाश रावत सहित जगेठी के अनेक किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो फसलों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
