एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित, 50 यूनिट रक्तदान
बिड़ला परिसर के स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित शिविर में कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
श्रीनगर गढ़वाल, 1 अक्टूबर 2026। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘रक्तदान दिवस’ के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 50 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. एच.बी.एस. चौहान, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार एवं मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. एस.एस. बिष्ट ने किया।
रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
वहीं प्रो. एच.बी.एस. चौहान एवं प्रो. दीपक कुमार ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में मदद मिल सकती है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए भी जागरूक किया गया।
बेस अस्पताल और विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की संयुक्त टीम ने कराया रक्तदान
रक्तदान शिविर में बेस अस्पताल, श्रीकोट एवं स्वास्थ्य केंद्र, बिड़ला परिसर की संयुक्त टीम ने रक्तदान प्रक्रिया संपन्न कराई।
इस अवसर पर डॉ. सतीश कुमार, डॉ. प्रशांत मैठाणी, रश्मी, सुमित्रा, रविन्द्र कुमार, अनूप सती, दीपक भट्ट, राकेश, नेहा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
