बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव : रेखा आर्या
नरेंद्रनगर के ओणी गांव में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित, मंत्री रेखा आर्या ने किशोरियों, माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों से किया संवाद
टिहरी गढ़वाल, 01 अक्टूबर 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल की नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिभाग किया और किशोरियों, माताओं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर जोर
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव है। बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ किशोरियों एवं माताओं को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बच्चों के साथ भोजन किया, गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका को सम्मानित किया।
स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
मंत्री रेखा आर्या ने ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के सुरक्षित वातावरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण है। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की सराहना की।
कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इन लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
महालक्ष्मी किट से लाभान्वित:
- सुषमा
- गंगा
- रेशमा
- मनीषा
गर्भवती महिलाओं को लाभ:
- काजल
- प्रिया
- पुष्पा
किशोरी बालिका योजना से लाभान्वित:
- काजल
- निधि
- श्वेता
- वैष्णवी
- शिया
आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मानित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरती देवी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा पूनम, सहायिका को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, ग्राम प्रधान दीपक, सुपरवाइजर किरण राणा, सीमा देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मातृशक्ति, किशोरियां एवं नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे।
