कुंजापुरी मेले में महिला वॉलीबॉल का फाइनल राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल के बीच
11 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबलों के बाद दोनों टीमों ने बनाई खिताबी भिड़ंत में जगह, विजेता को मिलेंगे 1.01 लाख रुपये
नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल, 13 अक्टूबर। ऐतिहासिक 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के अंतर्गत मुख्य बाजार स्थित खेल मैदान में आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल के बीच खेला जाएगा। देशभर की 11 टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद दोनों टीमों ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। आयोजकों के अनुसार, खिताबी मुकाबला बुधवार को होगा। महिला वर्ग की विजेता टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल ने जीते सेमीफाइनल
महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में राजस्थान पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून क्लब को 2-0 से पराजित किया और फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में मनी क्लब करनाल ने दिल्ली क्लब को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई। अब दोनों टीमों के बीच फाइनल में रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।
पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 22 टीमों ने कराया पंजीकरण
महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के साथ पुरुष वर्ग के मुकाबलों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इस बार पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 22 टीमों ने प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराया है।
महिला वॉलीबॉल के फाइनल के बाद पुरुष वॉलीबॉल के मुकाबलों के साथ ओपन कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह
मेले के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में मुख्य आयोजक दिनेश उनियाल, यशपाल राणा, राजपाल पुंडीर, धूम सिंह नेगी, नरपाल भंडारी, सूर्य प्रकाश जोशी, महेश गोसाईं, महेश पालीवाल और रमेश असवाल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ऐतिहासिक मेले में खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। महिला वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
