प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति होने पर घनश्याम प्रसाद रतूड़ी को भावभीनी विदाई
राजकीय हाईस्कूल सिंगताली में आयोजित हुआ भव्य विदाई समारोह, शिक्षक-कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने दी शुभकामनाएं
सिंगताली। राजकीय हाईस्कूल सिंगताली के प्रधानाध्यापक श्री घनश्याम प्रसाद रतूड़ी का राजकीय इंटर कॉलेज गूलर दोगी में प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति होने पर विद्यालय परिवार की ओर से भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में वक्ताओं ने श्री रतूड़ी के कार्यकाल और विद्यालय के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देना भी है। विद्यालय परिवार ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे प्रधानाचार्य के रूप में भी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
विदाई समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में भावुक माहौल रहा। शिक्षक-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने अपने प्रधानाध्यापक के साथ बिताए अनुभव साझा किए और उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री वी.एन. जोशी, श्री उत्तम नेगी, श्री वरफ सिंह रावत, श्री विशाल नेगी, श्री अमित चौधरी, श्री रामगोपाल नौटियाल, श्रीमती कुसुम जोशी, श्री मनोज कोठारी, श्री मोर सिंह सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

