जनगणना-2027 की तैयारी तेज, टिहरी में 42 मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने किया शुभारंभ, आंकड़ों की शुद्धता, निष्पक्षता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 14 अक्टूबर 2026। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में 42 मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को नई टिहरी स्थित क्रीड़ा सभागार में शुरू हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 14 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण जनपद मास्टर ट्रेनर धारा सिंह तथा जनगणना निदेशालय के मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह द्वारा दिया जा रहा है।
जनगणना राष्ट्रीय दायित्व, सटीक आंकड़े जरूरी: डीएम
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इससे प्राप्त आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं के निर्धारण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनर्स को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता के लिए प्रत्येक व्यक्ति और परिवार से संबंधित सूचनाओं का सही, निष्पक्ष और सुरक्षित संकलन आवश्यक है।
डीएम ने मास्टर ट्रेनर्स से प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया और तकनीकी पहलू को गंभीरता से समझने को कहा, ताकि वे आगे क्षेत्रीय स्तर पर तैनात कार्मिकों को सरल और व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षण दे सकें।
डिजिटल डाटा प्रविष्टि और गोपनीयता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता, गोपनीयता, डिजिटल डाटा प्रविष्टि, सत्यापन और अभिलेखों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सूचनाओं के संकलन से लेकर उनके सत्यापन तक निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की विभिन्न अवस्थाओं, प्रपत्रों के उपयोग, क्षेत्रीय भ्रमण, सूचना संकलन, सत्यापन और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही नागरिकों से संवाद करते समय संवेदनशीलता, विनम्रता और गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
क्षेत्रीय कार्मिकों को भी प्रशिक्षित करेंगे मास्टर ट्रेनर्स
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मास्टर ट्रेनर्स आगे क्षेत्रीय स्तर पर तैनात अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जनगणना कार्य में एकरूपता, बेहतर समन्वय और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने भी प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करने और आगे कार्मिकों को प्रभावी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का आह्वान किया। उन्होंने जनगणना संबंधी आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (जनगणना) केशव गैरोला सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
जनगणना की तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करें: अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी
टिहरी/14 अक्टूबर, 2026; जनगणना के द्वितीय चरण (जनसंख्या जनगणना) की तैयारियों को लेकर मंगलवार शाम अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनगणना संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के संपादन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका समय से समाधान किया जा सके।
उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती, मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण तथा प्रशिक्षण स्थल एवं तिथि निर्धारण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला समन्वयक जनगणना पंकज सिंह सहित समस्त तहसीलदार एवं उनसे संबंधित कार्मिक वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
