दोगी पट्टी में विकास कार्यों को गति देने का संकल्प, क्यारा में 79.40 लाख से उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास
विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पांच ग्राम पंचायतों में किया जनसंवाद, विधायक निधि से विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये स्वीकृत
गजा, टिहरी गढ़वाल, डीपी उनियाल। नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की दोगी पट्टी में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत क्यारा (अनेथा), जमोला, कोटर, भांगला और कखूर में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से लाखों रुपये की धनराशि स्वीकृत की।
इस दौरान ग्राम पंचायत क्यारा में 79.40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास भी किया गया। इस स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जगह-जगह हुआ कैबिनेट मंत्री का स्वागत
दोगी पट्टी भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। साईं मंदिर में भी ग्रामीणों ने उनका श्रद्धापूर्ण और आत्मीय अभिनंदन किया।
विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यक विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़ी अपेक्षाओं को मंत्री के समक्ष रखा।
विकास कार्यों में जनभागीदारी का आह्वान
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती दीक्षा राणा, ज्येष्ठ प्रमुख श्रीमती गीता दवाण और पूर्व प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने अपने संबोधन में क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
जनसेवा और विकास को बताया प्राथमिकता
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनसेवा के साथ नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों में अग्रणी बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार सुशासन तथा जनहित के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष नकारात्मक भूमिका निभाते हुए अनर्गल प्रचार कर रहा है, जबकि उनका हरसंभव प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का निराकरण करना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर मंडल प्रभारी एवं मंत्री प्रतिनिधि वन विभाग अर्जुन दवाण, मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर, जिला पंचायत सदस्य हुकम सिंह भंडारी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्योत बर्थवाल, मंडल महामंत्री हरी सिंह रावत, प्रधान विजेंद्र सिंह, श्रीमती रीना पूंडीर, क्षेत्र पंचायत सदस्य केवल पुंडीर, राकेश कुलियाल, प्रधान रेनु पंवार, मंजू देवी, दर्शन लाल गैरोला, आशीष कुलियाल, गजेंद्र राणा, विजेंद्र सिंह रावत, प्यार सिंह रावत, सुल्तान सिंह पुंडीर, प्रवीन पंवार, चंद्रशेखर पंवार, हरीश पंवार, प्रेम सिंह, कीर्ति कैंतुरा, ज्योति सिंह, लोकेन्द्र सिंह और ज्योति गैरोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
