विधानसभा चुनाव-2027 से पहले टिहरी में मतदाता जागरूकता अभियान तेज, महाविद्यालयों में दिलाई मतदान की शपथ
स्वीप के तहत जिलेभर के शिक्षण संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित, मेहंदी, निबंध, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताओं से युवाओं को किया जा रहा जागरूक
टिहरी गढ़वाल, 04 नवम्बर 2026। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टिहरी जनपद में स्वीप (SVEEP) के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप की नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशों पर जिलेभर के शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में बाल गंगा महाविद्यालय, सेन्दुल (केमर) में मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय के स्वीप संयोजक डॉ. मुकेश नैथानी ने बताया कि कार्यक्रम में 67 छात्र-छात्राओं सहित कुल 70 लोगों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में भविष्य में भी मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी।
जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में हुए जागरूकता कार्यक्रम
स्वीप की नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों और युवा मंगल दलों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय पावकी देवी में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित कर मतदान का संदेश दिया गया। वहीं, राजकीय महाविद्यालय टिहरी में विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में शपथ कार्यक्रम के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि राजकीय महाविद्यालय पोखरी क्वीली में भी मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
युवा और नए मतदाताओं को लोकतंत्र से जोड़ने पर जोर
नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा मतदान के प्रति उनमें जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। इसके लिए शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत शपथ, निबंध, भाषण, पोस्टर, मेहंदी और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के जरिए लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
