भीमताल (नैनीताल) : राजकीय इंटर कॉलेज भीमताल में बाल साहित्य संस्थान अल्मोड़ा द्वारा उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सौजन्य से आयोजित बच्चों की 5 दिवसीय लेखन कार्यशाला के संदर्भदाता भारत ज्ञान विज्ञान समिति उत्तराखंड के प्रांतीय कोषाध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने बच्चों को विज्ञान के कई खेल व प्रयोग कराए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रसायनों के प्रयोग करके भोली-भाली जनता के बीच अपने को चमत्कारी सिद्ध करते हैं।
उन्होंने हाथ में बभूत पैदा करने, मनचाही मिठाई खिलाने, मंत्र सिद्धि से आग पैदा कर देने जैसे रसायनिक प्रयोगों की जानकारी बच्चों को दी। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के प्रांतीय उपाध्यक्ष नीरज पंत तथा अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष अनिल पुनेठा ने बच्चों को कई खेल कराए।
नीरज पंत ने कहा कि हमारे यहां प्रचलित पारंपरिक खेलोंमें विज्ञान की अवधारणा निहित है। राजकीय इंटर कॉलेज नौकुचियाताल के विज्ञान प्रवक्ता श्री प्रदीप सनवाल ने कहा कि परीक्षा में केवल रटकर अच्छे अंक लाना हमारा उद्देश्य नहीं होना चाहिए। हमें क्या क्यों कैसे जैसे तर्क – वितर्क करने की अपनी क्षमता को बढ़ाने का प्रयास करना होगा। बालप्रहरी बाल क्लब की कक्षा 12 की छात्रा अरुणा साह ने काव्य गोष्ठी समूह के बच्चों को प्रस्तुतीकरण व संचालन के लिए तैयार किया।
जन शिक्षण संस्थान भीमताल के निदेशक गोपाल जी ने बच्चों के कौशल विकास के लिए बच्चों से संवाद किया। बालप्रहरी के संपादक तथा बालसाहित्य संस्थान के सचिव उदय किरौला ने बच्चों को दीवार अखबार तथा दीवार पत्रिका की अवधारणा बताई।
आज संपन्न विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर रहे बच्चों को पुरस्कार में बाल साहित्य दिया गया।
बच्चों ने हस्तलिखित पुस्तक के लिए कुमाउनी गीत, कुमाउनी आण, कुमाउनी कांथ, मेरे जीवन की घटना तैयार की। बच्चों ने हस्तलिखित पुस्तक का मुखपृष्ठ भी तैयार किया। आज बच्चों ने काव्य गोष्ठी व समूह गीतों की रिहर्सल की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री गोपाल स्वरूप कोहली, प्रदीप कुमार जोशी, राघवेंद्र पाल, रमेशचंद्र जोशी, प्रदीप सनवाल आदि उपस्थित थे।

