25 नवम्बर से सेम मुखैम में आयोजित होगा तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं विकास मेला, जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
टिहरी/दिनांक 11 नवम्बर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को प्रतापनगर के सेम मुखैम पहुंचकर उत्तर द्वारिका के पांचवें धाम सेम नागराजा मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी 25 नवम्बर से आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं विकास मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग के गेस्ट हाउस से सेम नागराजा मंदिर तक पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने वन विभाग को भागी सौड़ मेला मैदान से सेम मुखैम मंदिर तक मार्ग की झाड़ियों की कटाई करने के निर्देश दिए। एएमए जिला पंचायत को मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण निर्माण विभाग को धर्मशाला निर्माण कार्य एवं सुरक्षात्मक दीवार को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने डोबरा-मोटना एप्रोच रोड, पीपलडाली-डोबरा रिंग रोड और डोबरा-लम्बगांव रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित लोनिवि के ईई से जानकारी लेते हुए सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा।
वहीं जल संस्थान के ईई प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि डोबरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सोलर पंप लगाए जा रहे हैं, जिससे मेले के दौरान जलापूर्ति की कोई समस्या न रहे।
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि सेम मुखैम मेला धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर मेले की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के गर्भ गृह में सेम नागराजा के दर्शन कर पूजा अर्चना की।
